जिला कलक्टर की समीक्षा बैठक : सामाजिक समारोह में नशा परोसने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश, रामदेवरा मेले से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश

 जिला कलक्टर ने सड़क किनारें बबूल की झाड़ियों की कटाई व हाईवे के नजदीक अवैध ढाबों के विरुद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश 

फलौदी,23 जुलाई। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को मादक पदार्थों की रोकथाम,सड़क सुरक्षा व मेले से पूर्व की व्यवस्थाओं के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने ऑपरेशन उजास के तहत की जा रही जागरूकता गतिविधियों के साथ अवैध मादक पदार्थों का उपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।


जिला कलक्टर ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सामाजिक कार्यक्रमों में नशे के उपयोग करने व कुरीतियों को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी सामाजिक समारोह में नशे का उपयोग नहीं करने तथा उपयोग करने वालों की सूचना देने की अपील की। इस प्रकार की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जायेगी। 


जिला कलक्टर ने कृषि व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी कृषि व मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण करने व मादक पदार्थों के विक्रय करने वालों के लाइसेंस निरस्त की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा के उचित प्रबंधन के संबंध में जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग व एनएचएआइ अधिकारियों को सड़को का निरीक्षण करते हुए ब्लैक स्पॉट चिह्नित,बबूल की झाड़ियों की कटाई व क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हाईवे के समीप अवैध ढाबों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 


रामदेवरा मेले से पूर्व उचित सड़क प्रबंधन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मेले के दौरान लगाए जाने वाले टेंट सड़क किनारे से थोड़ा दूरी सुनिश्चित करने के लिए कहा। नगर परिषद व ट्रैफिक पुलिस को रेलवे स्टेशन मार्ग पर व्यवस्थाएं सही करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रियंका तलानिया, एसीईओ गौतम चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ