जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित प्रत्येक कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित कार्यों की अधिकारी नियमित रूप से समीक्षा करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतें। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में नगर निकाय आम चुनाव के तहत मतदान द्वितीय चरण में 11 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। वहीं मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी। उन्होंने मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने को कहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मतदान केन्द्र पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर उपलब्ध रहे तथा मतदान केन्द्रों पर सुगम एवं बाधारहित मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वीप गतिविधियों को बनाएं प्रभावी :-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वीप गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विशेष रूप से युवा, महिला, दिव्यांग एवं अन्य मतदाता समूहों तक मतदान का संदेश पहुंचाया जाए। उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चल रही जागरूकता गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया, एसीईओ गौतम चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

0 टिप्पणियाँ