शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ अम्बेडकर ने उठाई आवाज

फलोदी। राजस्थान शिक्षक संघ (अम्बेडकर) जिला शाखा फलोदी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष डाॅ. मुरलीधर कटारिया के नेतृत्व में शुक्रवार को राजकीय अम्बेडकर समाज कल्याण छात्रावास लोहावट में संगठन के दो दिवसीय शिक्षक सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में शिक्षक, विद्यार्थी एवं विद्यालय हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर संगठन की 17 सूत्री लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। संगठन द्वारा मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के नाम प्रस्तुत मांग पत्र में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के शीघ्र स्थानांतरण, सात वर्षों से लंबित डीपीसी करवाने, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित वंचित वर्गों की छात्रवृत्ति में महंगाई के अनुरूप वृद्धि, आरक्षण व्यवस्था की प्रभावी पालना तथा लंबित वेतन संबंधी प्रकरणों का निस्तारण एवं वेतन संरक्षण की मांग प्रमुखता से रखी गई। ज्ञापन में रोस्टर की पूर्ण पालना एवं बैकलॉग पदों को भरने, कार्यरत शिक्षकों को टीटीई की अनिवार्यता से मुक्त करने, पीडी हेड के शिक्षकों के वेतन-भत्तों के भुगतान हेतु पर्याप्त बजट जारी करने तथा यथावत पदस्थापन व्यवस्था बंद कर डीपीसी के उपरांत आरक्षित वर्ग को काउंसलिंग के माध्यम से पदस्थापन देने की मांग की गई है। इसके साथ ही प्राचार्य एवं उप प्राचार्य पदों पर पदस्थापन, प्राचार्य डीपीसी की चयन तिथि निर्धारित करने एवं लंबित सूची जारी करने, सीएसआर/सीएसजी अनुदान शीघ्र जारी करने, विद्यालयों में रिक्त पदों को नई भर्ती से भरने एवं शिक्षकों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने उपार्जित अवकाश का नकद भुगतान शीघ्र करने, शिक्षक दिवस पर राज्य स्तर पर सम्मानित शिक्षकों को अतिरिक्त वेतन वृद्धि का लाभ देने, विद्या संबल योजना में संविधान सम्मत आरक्षण प्रावधान लागू करने, माध्यमिक शिक्षा में स्टाफिंग पैटर्न के तहत नवीन पदों का सृजन करने तथा शिक्षा के निजीकरण एवं संविदा भर्ती पर रोक लगाने की मांग भी रखी। इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए एसडीएम लोहावट निधि उड़सरिया ने बाबा साहेब अम्बेडकर के विचारों को जीवन में प्रेरणा के रूप में अपनाने एवं शिक्षकों के लिए बाबा साहेब के मार्गदर्शक की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर लोहावट सीबीईओ महेश कुमार मेघवाल, मगराज कटारिया समाज कल्याण अधिकारी, नेमाराम मेघवाल प्रदेश महामंत्री सचिवालय, परमाराम जयपाल प्रदेश उपाध्यक्ष, बालाराम चौहान, मांगीलाल, जिला महामंत्री निम्बूराम जयपाल, डॉ. सोहनलाल, अर्जुन यादव, गौतमचंद पंवार, प्रधानाचार्य शिवलाल पंवार, नेताराम चौहान, देवीलाल लीलड़, भामाशाह नरसिंगाराम जयपाल, मोहनराम परिहार, छोटमल बाला, नरपतराम, चौखराज, शंकरराम मेघवाल, जिला प्रवक्ता चंद्रपाल शाहपिनी, आसुराम परिहार, हीराराम, दुर्गाराम एवं मूलाराम सहित ब्लॉक अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य सहित सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षाविद शामिल हुए। सम्मेलन का संचालन निम्बूराम मेघवाल एवं चंपालाल व्याख्याता ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ