जिले में तिरंगा थीम पर आयोजित होंगी विविध गतिविधियां
फलौदी,7 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में 9 से 17 अगस्त तक जनभागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने आदेश जारी करते हुए अभियान के सफ़ल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को कार्य आवंटित किए। एसीईओ गौतम चौधरी संपूर्ण अभियान के नोडल अधिकारी रहेंगे।एसीईओ गौतम चौधरी ने बताया कि अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रत्येक गांव एवं ढाणी में स्थानीय जनसमुदाय की सहभागिता से आयोजित तिरंगा प्रभात फेरी के साथ होगी। 10 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में नागरिकों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी से ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर एवं तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। 11 एवं 12 अगस्त को 'तिरंगा' एवं 'वंदे मातरम्' विषयक प्रदर्शनियों एवं मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गतिविधियां तथा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसी क्रम में 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'तिरंगा कैनवास' स्थापित किए जाएंगे, जिन पर आमजन हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। जिसमें युवा पीढ़ी को देश के विभाजन की त्रासदी से अवगत करवाया जाएगा। साथ ही श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शालीन सजावट, श्वेत पुष्पों से श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन तथा कैंडल मार्च का आयोजन किया जाएगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ सभी नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी।

0 टिप्पणियाँ