अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था से जुड़े जोखिमों की समय रहते पहचान तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना -जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को अभियान के सफ़ल क्रियान्वयन के दिए निर्देश
फलौदी,29 जून। जिले में गर्भावस्था से जुड़े जोखिमों की समय रहते पहचान तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन व चिकित्सा विभाग फलौदी द्वारा "माँ री संभाल" अभियान का 1 जुलाई डॉक्टर्स डे से शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के सफ़ल क्रियान्वयन के संबंध में जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने चिकित्सा विभाग के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को वीसी के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक इसकी पहुँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्रत्येक गर्भवती महिला की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी), ब्लड ग्रुप, पेशाब (यूरिन) सहित अन्य सभी आवश्यक जांचें एक साथ की जाएंगी। इन जांचों के माध्यम से एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, संक्रमण अथवा अन्य चिकित्सीय जटिलताओं की समय रहते पहचान की जा सकेगी। इससे जोखिम वाली गर्भावस्थाओं का समय पर उपचार एवं विशेष निगरानी संभव होगी, जिससे सुरक्षित प्रसव एवं स्वस्थ मातृत्व सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिला कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान सभी शिविरों में आवश्यक जांच सुविधाएं, चिकित्सकीय संसाधन एवं मानवबल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला का समयबद्ध पंजीकरण, जांच एवं फॉलोअप भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान का अधिकतम लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंच सके। अभियान में प्रत्येक ग्राम पंचायत पर कैंप आयोजित किए जाएंगे जिसमें चिकित्सक , लैब टेक्नीशियन, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और महिला प्रसविका सेवाएं देंगे ।
जिला कलक्टर ने सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे "माँ री संभाल" अभियान का लाभ उठाते हुए निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान पर पहुंचकर सभी आवश्यक जांचें अवश्य करवाएं तथा सुरक्षित मातृत्व की दिशा में सहभागी बनें। बैठक में सीएमएचओ डॉ प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
0 टिप्पणियाँ