लाभार्थी पंकज चौधरी को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत टैक्सी कार के लिए मिला 5 लाख का ब्याज रहित ऋण व 50 हजार का अनुदान
फलौदी,29 जून। आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की बैंकिंग योजनाओं के तहत त्वरित लाभ व आवेदनों के निस्तारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा नगर परिषद फलौदी में मेगा बैंकिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना व मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत नए आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए ऋण उपलब्ध करवाया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने शिविर का औचक निरीक्षण करते हुए प्रगति जानी। उन्होंने यूको बैंक,भारतीय स्टेट बैंक,बैंक ऑफ बड़ौदा, राजस्थान ग्रामीण बैंक व पंजाब नेशनल बैंक की स्टॉल का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों का निस्तारण करते हुए राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदन में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उद्योग अधिकारी को प्रार्थी को अवगत करवाते हुए सही करवाने के निर्देश दिए।
जिला अग्रणी प्रबंधक संदीप गुप्ता ने बताया कि शिविर में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 60 आवेदनों का निस्तारण करते हुए ऋण उपलब्ध करवाया गया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 8 आवेदनों का त्वरित निस्तारण किया गया। शिविर में पधारे युवाओं व उद्यमियों ने एक ही स्थान पर सभी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत पंकज चौधरी ने खरीदी टैक्सी कार:-
शिविर में जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लाभार्थी पंकज चौधरी को 50 हजार रुपए का अनुदान दिया। लाभार्थी को योजना के तहत टैक्सी कार खरीदने के लिए 5 लाख रुपए का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध करवाया गया हैं। लाभार्थी ने बताया कि नए उद्यमियों के लिए योजना बहुत उपयोगी हैं। योजना के तहत ऋण राशि पर 10 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाता हैं। शिविर में उद्योग महाप्रबंधक सुरेश विश्नोई,नगर परिषद आयुक्त अनिल विश्नोई, जिला अग्रणी प्रबंधक संदीप गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
10 जुलाई को नगर परिषद में लगेगा शिविर:-
जिला कलक्टर ने सरकार की बैंकिंग योजनाओं का आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए 10 जुलाई को शिविर लगाने के निर्देश दिए। 10 जुलाई को नगर परिषद परिसर में प्रातः 10 बजे से शिविर में आवेदनों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ