12 जून से 15 जुलाई तक ग्राम पंचायतों में जन-कल्याण शिविरों का होगा आयोजन

ग्रामीण सेवा शिविरों से गांव-गांव पहुंचेगा सुशासन

फलौदी, 11 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएंगी तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा।

जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि शिविरों में राजस्व विभाग के साथ 21 अन्य विभागों की सहभागिता रहेगी। राजस्व, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, चिकित्सा, कृषि, पशुपालन, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, परिवहन, वन एवं अन्य विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ, प्रमाण-पत्र, पेंशन, नामांतरण, अतिक्रमण, आयुष्मान कार्ड, टीकाकरण, फसल बीमा एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

12 जून को इन ग्राम पंचायतों में होंगे शिविर :-

 अभियान के दौरान 12 जून को फलोदी तहसील की ग्राम पंचायत बावड़ी खुर्द व ढ़ढ़ू,बाप तहसील की ग्राम पंचायत सांवरा व बड़ी सीड,घंटियाली तहसील की ग्राम पंचायत अजासर, लोहावट तहसील की ग्राम पंचायत आमला व रुपाणा जैताना, सेतरावा तहसील की ग्राम पंचायत कलाऊ व भीवसागर,आऊ तहसील की ग्राम पंचायत बरसिंगों का बास,बापिणी तहसील की ग्राम पंचायत बापिणी खुर्द में शिविर आयोजित होंगे 



डिजिटल मॉनिटरिंग एवं त्वरित निस्तारण पर फोकस:-

अभियान की पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है, जिस पर प्रतिदिन की प्रगति दर्ज की जाएगी। शिविर में प्राप्त प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।


इन सेवाओं का मिलेगा लाभ:- ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण, खातों का विभाजन, रास्तों संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, नामांतरण (म्यूटेशन), सरकारी एवं चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, खातेदारी अधिकार प्रदान करने, सीमाज्ञान, आबादी विस्तार एवं विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने की कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ