जिला कलक्टर ने निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति जानी,कार्यरत श्रमिकों एवं स्वयंसेवकों का किया उत्साहवर्धन
फलौदी,11 जून। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आमजन एवं भामाशाहों के सहयोग से शहर के तीन प्रमुख तालाबों के एकीकरण का कार्य प्रगति पर है। गुरुवार को जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने गुलाब सागर तालाब पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया तथा मौके पर कार्यरत श्रमिकों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि तालाबों के एकीकरण से वर्षा जल का बेहतर संचयन होगा, भू-जल स्तर में सुधार आएगा तथा शहर की जल संरचनाओं को नया जीवन मिलेगा। 25 मई को शुरू हुए अभियान के सकारात्मक परिणाम नजर आ रहे हैं। तालाबों के बीच की दूरी कम हो रही है और जल प्रवाह को एकीकृत करने का कार्य तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अमूल्य धरोहर साबित होगा।
इस दौरान जिला कलक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य की गति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने श्रमदान में जुटे श्रम साधकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में यह पहल पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।

0 टिप्पणियाँ