लवारन में शहीद मोहनसिंह की प्रतिमा का अनावरण 16 कोः बिजलीघर के पास होगा समारोह, केंद्रीय मंत्री शेखावत होंगे शामिल


फलोदी। सेतरावा निकटवर्ती गांव लवारन में अमर शहीद राइफलमैन मोहनसिंह की प्रतिमा का अनावरण 16 जून को किया जाएगा। यह समारोह ग्राम पंचायत लवारन के सामने बिजलीघर के पास मंगलवार सुबह 9 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

आयोजन समिति के सवाईसिंह देवराज ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक कल्याण सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर और केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत होंगे। समारोह की अध्यक्षता शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ करेंगे।

ये अतिथि होंगे शामिल

इस अवसर पर पोकरण विधायक एवं तारातरा मठ के महंत प्रतापपुरी महाराज, कोटेश्वर धाम सिवाना के महंत सत्यमगिरी महाराज और सेतरावा-बावकान नागाणाराय मंदिर के महंत स्वामी मोहनगिरी का सानिध्य प्राप्त होगा
विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सैनिक कल्याण विभाग के ब्रिगेडियर सुरेंद्र सिंह, फलोदी सीएमएचओ डॉ. प्रताप सिंह राठौड़, शेरगढ़ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बलदेव सिंह चौधरी, आरएएस भवानी सिंह चारण, पूर्व प्रधान भंवरसिंह ईंदा, बालेसर प्रधान पुष्पाकंवर और सेखाला तहसीलदार सवाईसिंह चारण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

शहीद राइफलमैन मोहनसिंह का जन्म 1 जनवरी 1942 को पिता पन्नेसिंह और माता जोर कंवर के घर हुआ था। उनका विवाह केशर कंवर के साथ हुआ था। वे 2 जुलाई 1961 को सेना में भर्ती हुए और 30 मई 1971 को 7 राजरीफ रेजिमेंट में भारत-पाक युद्ध के दौरान शहीद हो गए थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ