नारी चौपाल : नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित उद्यम प्रोत्साहन योजना की लाभार्थी मंजू सुथार एवं संजू सुथार को 3 लाख की सब्सिडी हस्तांतरित

महिला व बालिका कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की दी गई जानकारी 

फलौदी,
10 जून। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में "नारी चौपाल : नारी शक्ति वंदन" कार्यक्रम का जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजन किया गया। पंचायत समिति सभागार फलोदी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं विधिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा विभिन्न विभागों द्वारा महिलाओं के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की जानकारी एवं उनकी पहुंच सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, साथिन, राजीविका की लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, कृषि दीदी, सोलर सखी एवं बैंक सखी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।।।

कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक प्रवेश सोलंकी ने विभिन्न राजकीय योजनाओं तथा उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके प्रश्नों का समाधान भी किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि गवरी देवी ने संबोधन में कहा कि समाज में महिलाओं के उत्थान हेतु सभी को सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे कोई भी जरूरतमंद महिला स्वयं को अकेला महसूस न करे।

कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लाभार्थी मंजू सुथार एवं संजू सुथार को कुल 3 लाख रुपये की सब्सिडी हस्तांतरित की गई। वहीं मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 5 बालिकाओं—यशवी जैन, दीपाली, चेष्टा, नादिरा एवं काव्या सोलंकी—को प्रथम किस्त के रूप में 2,500 रुपये की राशि प्रदान कर लाभान्वित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं मंच संचालन चंद्रवीर सिंह भाटी, सहायक निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग द्वारा किया गया। अंत में प्रीति शर्मा ने सभी प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प तथा महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी को सुदृढ़ बनाने के संदेश के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ