फलोदी, 19 जून। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। ग्राम विजयनगर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान एक खातेदार की वर्षों पुरानी राजस्व रिकॉर्ड संबंधी समस्या का मौके पर ही निस्तारण कर उसे बड़ी राहत प्रदान की गई।
ग्राम विजयनगर निवासी खातेदार चम्पालाल पुत्र लखूराम विश्नोई ने शिविर में उपस्थित होकर बताया कि राजस्व ग्राम विजयनगर के खसरा संख्या 374 एवं उसके बट्टा नंबरों के खातेदारों की तरमीम वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड में गलत दर्ज हो गई थी। इस त्रुटि के कारण उन्हें लंबे समय से न्यायालयों और राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
शिविर में चम्पालाल ने नाम एवं तरमीम शुद्धीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी एवं तहसीलदार विशन सिंह भू अभिलेख निरीक्षक सुमन विश्नोई ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पटवारी एवं भू-अभिलेख निरीक्षक से रिपोर्ट प्राप्त कर मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई तथा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटि का शुद्धीकरण कर दिया गया।
वर्षों से लंबित मामले का त्वरित समाधान होने पर चम्पालाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय तक न्यायालयों और कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद जो कार्य नहीं हो पाया, वह ग्रामीण सेवा शिविर में हाथों-हाथ संपन्न हो गया। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शिविर में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्रामीण सेवा शिविर में हुए इस त्वरित निस्तारण को ग्रामीणों ने सुशासन और जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
0 टिप्पणियाँ