किशोरियों ने प्रशिक्षण में अच्छा जीवन जीने के तरीके सीखे: वंचितों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने की ज़िम्मेदारी ली

पांच दिवसीय आवासीय जीवन कौशल प्रशिक्षण शिविर का समापन

फलोदी। दूसरा दशक द्वारा आयोजित पांच दिवसीय आवासीय किशोरी जीवन कौशल प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ । फलोदी में 15 से 19 जून तक आयोजित इस शिविर में 14 गांवों की 40 किशोरियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षिका कंचन थानवी ने बताया कि जीवन कौशल प्रशिक्षण के दौरान अभिव्यक्ति, नेतृत्व, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, प्राथमिक उपचार, माहवारी स्वच्छता आदि मुद्दों पर कार्य किया गया। किशोरियों को सरकारी योजनाओं से वंचित व्यक्तियों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया ।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाली किशोरियों ने अपने अनुभव सुनाते हुए शिवानी, ईशिका, सिमरन, सुमन, फरजाना, भावना, सीमा, जयश्री आदि ने कहा कि यहां आकर उन्होंने ज़्यादा लोगों के बीच अपनी बात कहना सीखा, जीवन को बेहतर तरीके से जीने के गुर सीखे, वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग पेंशन आदि सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की ।
परियोजना निदेशक मुरारी लाल थानवी ने किशोरियों को मोबाइल फ़ोन पर उपलब्ध आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सुविधा के फायदों के बारे में जानकारी दी । उन्होंने एआई के उपयोग में सावधानियों व नुकसान के बारे में भी सचेत किया ।
माहवारी स्वच्छता के मुद्दे पर किशोरियों ने कई प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया। किशोरियों के खून की जांच कर उनके ब्लड ग्रुप व हिमोग्लोबिन की जानकारी दी गई। सबसे कम हिमोग्लोबिन 8.8 तथा सर्वाधिक 15.3 रहा । किशोरियों ने अपने गांव की गर्भवती व धात्री महिलाओं, पेंशन योजना तथा ओपन स्कूल के परीक्षार्थियों का सर्वे करने की जिम्मेदारी ली ।
किशोरियों ने रोलप्ले कर जातिगत भेदभाव, संगठन, जेण्डर भेदभाव, नशे के दुष्प्रभाव व अंधविश्वास आदि मुद्दों पर समाज की स्थिति को दर्शाया। कार्यकर्ता ममता लोहार ने बताया कि सभी किशोरियों ने संकल्प लिया कि वे संगठन में रह जाति व जेण्डर भेदभाव, तथा नशा व अंधविश्वास के विरुद्ध खड़ी रहेंगी ।
प्रीति राठौड़ ने संतुलित आहार पर चर्चा करते हुए किचन गार्डन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सब्जियों के बीज रोप कर किचन गार्डन लगाने की प्रायोगिक जानकारी दी। प्रशिक्षण में अमरू चौधरी, खुशबु, कुसुम, कमल शर्मा, कीर्ति, मंजू, राखी आदि ने सहयोग किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ