पीएम-किसान उत्सव दिवस पर किसानों को मिली सम्मान निधि की सौगात

प्रधानमंत्री ने जारी की 23वीं किश्त, फलौदी के 86 हजार से अधिक किसान लाभान्वित

फलौदी, 20 जून। भारत सरकार द्वारा शनिवार को "पीएम-किसान उत्सव दिवस" के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किश्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का वर्चुअल हस्तांतरण किया। फलौदी जिले के 86 हजार से अधिक किसानों के खाते में किश्त का सीधा हस्तांतरण हुआ।
जिला स्तरीय कार्यक्रम पंचायत समिति फलौदी के वीसी कक्ष में आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। विधायक पब्बाराम विश्नोई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्हीं की बदौलत किसानों के सीधे खाते में किसान सम्मान निधि की किस्त हस्तांतरित हो रही है। इसके साथ ही कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों की योजनाएं जैसे तारबंदी, कृषि यंत्र, फार्म पौंड, खेत तलाई आदि के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह, फलौदी उपखण्ड अधिकारी पूजा चौधरी, तहसीलदार विशन सिंह सहित किसान एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ