महेश नवमी कल, जिला मुख्यालय पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा

माहेश्वरी समाज ने शुरू की तैयारियां, दिनभर होंगे धार्मिक आयोजन


फलोदी, 22 जून । माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश की जयंती महेश नवमी मंगलवार, 23 जून को जिले भर में श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

माहेश्वरी समाज अध्यक्ष जयकिशन बिड़ला ने बताया कि महेश नवमी के अवसर पर प्रातः 7:30 बजे श्री कल्याणरायजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के महिला, पुरुष एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी।

उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे श्री कल्याणरायजी मंदिर में सहस्त्रघट कार्यक्रम का आयोजन होगा। वहीं सायं 6 बजे भगवान महेश की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात सायं 7:30 बजे श्री माहेश्वरी भवन में महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है, जहां महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
महेश नवमी पर्व को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह का माहौल है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कार्यक्रमों में भाग लेने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ