फलोदी, 23 जून। माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश की जयंती महेश नवमी मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन को लेकर समाज की महिला शक्ति, गणमान्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महेश नवमी के अवसर पर प्रातः 7:30 बजे श्री कल्याणरायजी मंदिर से भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के महिला, पुरुष एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोषों के बीच निकली शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का माहौल देखने को मिला। मार्गभर भगवान महेश के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा के पश्चात प्रातः 11 बजे श्री कल्याणरायजी मंदिर परिसर में सहस्त्रघट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की महिलाओं ने श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ भाग लिया। वहीं सायंकाल 6 बजे भगवान महेश की महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उपस्थित होकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
दिनभर चले धार्मिक आयोजनों के माध्यम से माहेश्वरी समाज ने अपनी धार्मिक परंपराओं एवं सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। महेश नवमी पर्व को लेकर समाज में उल्लास एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
0 टिप्पणियाँ