चौपाल के प्रकरणों के साथ जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निस्तारण के दिए निर्देश
ग्रामीण सेवा शिविरों सहित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
फलौदी, 11 जून। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने गुरुवार को बापिणी उपखंड की ग्राम पंचायत इशरु में रात्रि चौपाल लगाते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल,विद्युत पोल,सड़क दुरुस्तीकरण ,मुआवजा,नई सड़क निर्माण सहित विभिन्न परिवाद प्रस्तुत किए। सभी प्रकरणों की सुनवाई करते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को 12 जून से 15 जुलाई तक संचालित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविरो में राजस्व विभाग के साथ 21 अन्य विभागों की सहभागिता रहेगी। विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को दिया जाएगा। साथ ही प्रमाण-पत्र, पेंशन, नामांतरण, अतिक्रमण, आयुष्मान कार्ड, टीकाकरण, फसल बीमा एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रात्रि चौपाल में विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने तारबंदी, फार्मपोंड, कृषि संयंत्र, सुक्ष्म सिंचाई योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन, पालनहार योजना तथा पशुपालन विभाग द्वारा मंगला पशु बीमा योजना के बारे में जागरूक किया गया।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना तथा उनका न्यायोचित समाधान करना हैं। साथ ही ग्रामीणों की मांग को उच्च स्तर पर पहुंचाना हैं। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों व कार्मिकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी को कार्यालय में समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। चौपाल में उपखंड अधिकारी अमिता विश्नोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

0 टिप्पणियाँ