फलौदी में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, विधायक पब्बाराम विश्नोई बोले- विकास, सुशासन और जनकल्याण में हुए उल्लेखनीय कार्य

फलौदी,12 जून। केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यो पर आधारित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी '12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने पंचायत समिति फलौदी में विधिवत फीता काटकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

विधायक पब्बाराम विश्नोई ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर, सोशल सर्विस सेंटर और संस्थागत ढांचे में जो ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं, उन्हें इस प्रदर्शनी में बखूबी दर्शाया गया हैं। यह प्रदर्शनी युवाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा देने वाली है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं तथा सर्वाधिक अवधि तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का गौरव भी प्राप्त किया है। उन्होंने राजस्थान की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अनेक क्षेत्रों में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। साथ ही उन्होंने आज 12 जून से प्रारंभ हुए ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।

जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने सभी जिलेवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यों की जानकारी आमजन को देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई हैं। प्रदर्शनी युवाओं के लिए जानकारी का स्‍त्रोत अपने- आप में समेटे हुए है, जो काफी उपयोगी हैं। 


जनकल्याणकारी योजनाओं व अभियानों में राजस्थान प्रथम स्थान पर :

केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व अभियानों में राजस्थान राज्य ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया हैं। पीएम कुसुम योजना(कम्पोनेंट-ए) अक्षय और सौर ऊर्जा स्थापना में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा। इसी प्रकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना,तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम,पोषण पखवाड़ा 2026,धरती आबा जन भागीदारी अभियान,खनिज ब्लॉकों की नीलामी सहित अन्य कार्यक्रमों में राजस्थान प्रथम स्थान पर रहा हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ