दो साल से फरार 67.240 किलोग्राम डोडा पोस्ट तस्करी मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार

प्रकरण में अब तक 02 मुलजिम व एक वाहन जब्त किया जा चुका है।

फलोदी। जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत मतौड़ा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में दो वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी अशोक कुमार पुत्र थानाराम थोरी जाट निवासी सालवां कला, डागियावास (जोधपुर कमिश्नरेट) को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2024 में दर्ज 67.240 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामदगी मामले में फरार चल रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि 26 जुलाई 2024 को मतौड़ा थाना पुलिस ने गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए वाहन संख्या RJ-19-CN-2453 को रुकवाकर तलाशी ली। वाहन में सवार भजनलाल पुत्र श्रवणराम विश्नोई निवासी जुड़, थाना करवड़ (जोधपुर कमिश्नरेट) तथा नैनाराम पुत्र तेजाराम विश्नोई निवासी उम्मेदनगर, थाना मथानियां (जोधपुर कमिश्नरेट) के कब्जे से कुल 67.240 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया था।

इस संबंध में मतौड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 25 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि इस तस्करी में अशोक कुमार भी शामिल था, जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह एवं वृत्ताधिकारी लोहावट भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अमानाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद उसे उसके गांव के आसपास से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी और मादक पदार्थ तस्करी सहित तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से डोडा पोस्त तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी अमानाराम के साथ मेघाराम, ओमाराम, राकेश कुमार, नारायण सिंह, धर्माराम, रामनिवास, रामनारायण, गणेश कुमार एवं लक्ष्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ