दो दिवसीय युवामंच अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन
फलोदी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जागरिया में दूसरा दशक के सहयोग से चेतना युवामंच के सदस्यों का दो दिवसीय गैर-आवासीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम शनिवार 4 जुलाई को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 14 किशोरियों एवं 8 किशोरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षिका कंचन थानवी ने संगठन का महत्त्व बताते हुए कहा कि संगठित होकर कार्य करने से समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। युवा अपने गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने गांव की प्रमुख समस्याओं पर सामूहिक चर्चा की गई। सभी ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को गांव की सबसे गंभीर समस्या बताते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाने का सामूहिक संकल्प लिया। सहभागी निर्मला ने कहा कि अपने गांव की समस्या को हमें ही हल करना होगा। इसके लिए संगठन बहुत जरूरी है।
युवाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही पेंशन योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि वह अधिक से अधिक लोगों को इसका फायदा पहुंचा सके। युवाओं को राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल के बारे में बताया गया तथा गांव के ड्रॉपआउटस् को ओपन स्कूल के माध्यम से पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में युवराज, जीवराज, सहदेव, करण सिंह, इशिका, आराधना, भाविका, प्रतिज्ञा, मंजू, लता आदि प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए।
0 टिप्पणियाँ