फलोदी जिला अस्पताल में अंगदान की शपथ, फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का हुआ आयोजन

फलोदी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को फलोदी जिला राजकीय चिकित्सालय में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम एवं फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ तथा मरीजों के परिजनों को अंगदान की शपथ दिलाई गई और अंगदान के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक अंगदान के लिए आगे आने की अपील की तथा सभी को अंगदान की शपथ दिलाई।

इसके बाद अस्पताल परिसर में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की स्थिति में फायर सेफ्टी टैंक एवं अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित और प्रभावी उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आग लगने की आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल स्टाफ एवं आमजन को अंगदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में सुरक्षा उपायों के प्रति प्रशिक्षित करना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ