छोटे से उद्यम के माध्यम से महिलाएं अपना व परिवार का जीवन स्तर ऊंचा उठा सकती हैं - जिला कलक्टर
फलौदी,16 जुलाई। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर व हुनरमंद बनाने की दिशा में 'ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान फलौदी' का भव्य उद्घाटन गुरुवार को जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने किया। संस्थान के उद्घाटन के साथ ही गुरुवार से आरसेटी फलोदी के पहले प्रशिक्षण बैच "जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर" का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहले बैच में स्थानीय युवतियों और महिलाओं को निशुल्क व स्वरोजगार-उन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
जिला कलक्टर ने संबोधित करते हुए महिलाओं को आरसेटी के माध्यम से अपने जीवन को सँवारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि महिलाएँ किस प्रकार एक छोटे से उद्यम के माध्यम से अपने और अपने पूरे परिवार के जीवन स्तर को ऊंचा उठा सकती हैं। जिला कलक्टर ने बैंक अधिकारियों को कहा कि संस्थान में कैंप लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा ऋण वितरित करने का प्रयास किया जाए। जिससे ट्रेनिंग पूरी होते ही वे बिना किसी वित्तीय रुकावट के अपना खुद का उद्यम शुरू कर सकें।
उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी ने प्रशिक्षण में भाग ले रही महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ओर उनके इस कदम के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपस्थित अन्य बैंक अधिकारियों ने भी अपने संबोधन के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान संस्थान के निदेशक अनुज कुमार,उद्योग महाप्रबंधक अंजुला आसदेव, मुख्य प्रबंधक रोहित चन्द्रा,अग्रणी जिला प्रबंधक संदीप गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।


0 टिप्पणियाँ