नगर परिषद की अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही, दुकानदारों से सहयोग की अपील

 

फलोदी,27 जुलाई। आयुक्त नगर परिषद, फलोदी श्री अनिल बिश्नोई ने बताया कि हावड़ा स्वीट होम से जय नारायण व्यास मूर्ति से जवाहर प्याऊ से कन्हैया मार्केट तक दुकानों के बाहर रखे गए सामान एवं किए गए अतिक्रमण को हटाने की विशेष कार्यवाही की गई।


कार्यवाही के दौरान अधिकांश दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपना सामान हटाकर प्रशासन का सहयोग किया। जिन व्यक्तियों द्वारा समझाइश के बावजूद अतिक्रमण एवं दुकान के बाहर रखा सामान नहीं हटाया गया, उनके विरुद्ध नगर परिषद द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।


यह कार्यवाही मनोज व्यास (अतिक्रमण प्रभारी), शिवकुमार थानवी एवं झूमरलाल (सफाई प्रभारी) के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम द्वारा संपादित की गई।


आयुक्त श्री अनिल बिश्नोई ने नगर परिषद क्षेत्र के समस्त व्यापारियों एवं आमजन से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के आगे किसी भी प्रकार का सामान अथवा अतिक्रमण न रखें, जिससे यातायात सुचारु एवं सुरक्षित बना रहे। भविष्य में यदि किसी भी दुकान के बाहर अतिक्रमण अथवा सार्वजनिक मार्ग पर सामान रखा हुआ पाया जाता है, तो नगर परिषद द्वारा राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 एवं अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत सामान जब्त (सीज) करने सहित नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी रखी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ