गुरु पूर्णिमा पर जिलेभर में हुआ ‘गुरु वंदन कार्यक्रम’
फलौदी, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग द्वारा जिलेभर में ‘गुरु वंदन कार्यक्रम’ आयोजित कर विभिन्न आश्रमों, मठों एवं मंदिरों में संत-महात्माओं एवं गुरुजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ‘गुरु वंदन संदेश’ भेंट कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
कार्यक्रम के तहत पूज्य संत पूनासर बापजी महाराज, संत अश्वशक्ति बाईसा, महंत दयानंद गिरिज महाराज,महंत भगवानदास,महंत रामाचार्य का शॉल, दुपट्टा, श्रीफल एवं सम्मान सामग्री भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस दौरान विधायक पब्बाराम विश्नोई ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। संत-महात्मा समाज को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं सेवा का मार्ग प्रशस्त करते हैं। राज्य सरकार का ‘गुरु वंदन कार्यक्रम’ गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर संत-महात्माओं ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ करने के साथ समाज में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के संरक्षण को नई दिशा प्रदान करते हैं।


0 टिप्पणियाँ