फलौदी, दिनांक 06 अगस्त। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, जिला अस्पताल फलौदी डॉ अभिषेक अग्रवाल ने अस्पताल के विकास एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले सभी भामाशाहों एवं दानदाताओं का जिला अस्पताल परिवार की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है।
डॉ . अग्रवाल ने बताया कि समाजसेवा की उत्कृष्ट भावना से प्रेरित होकर वरिष्ठ भामाशाह श्री मेघराज जी कल्ला द्वारा जिला अस्पताल के डायलिसिस विभाग के लिए किया गया अभूतपूर्व सहयोग अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। उनके इस योगदान से डायलिसिस सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होगी तथा मरीजों को अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
इसी क्रम में श्रीमती सुशीला देवी, धर्मपत्नी श्री अनिल दत्त जी अग्रवाल (गाड़ोदिया भवन वाले) तथा श्री दिनेश जी रंगा (पूर्व आयकर आयुक्त) एवं श्री आशीष जी रंगा द्वारा जिला अस्पताल के लेबर रूम में 2-2 टन क्षमता के एयर कंडीशनर (एसी) भेंट किए गए हैं। उनके इस महत्वपूर्ण सहयोग से प्रसूता माताओं, नवजात शिशुओं एवं चिकित्सा कर्मियों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि जनसहभागिता एवं भामाशाहों का सहयोग स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला अस्पताल फलौदी परिवार सभी दानदाताओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता है तथा आशा करता है कि भविष्य में भी समाज के अन्य नागरिक एवं संस्थाएं इसी प्रकार जनहित के कार्यों में सहभागिता निभाकर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में सहयोग प्रदान करेंगे।


0 टिप्पणियाँ