फलोदी। हिंदुस्तानी स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय, फलोदी के तत्वावधान में 'चेतना दिवस' के अवसर पर स्थानीय मेजर शैतान सिंह स्टेडियम में एक वृहद साफ-सफाई अभियान चलाया गया। आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के मद्देनजर आयोजित इस अभियान में ग्लोबल स्कूल और राजकीय माध्यमिक विद्यालय के स्काउट्स और गाइड्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे स्टेडियम परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाया।इस मौके पर जिला प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने दैनिक जीवन में हमेशा साफ-सफाई रखनी चाहिए। स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की नींव है। जिला प्रशिक्षक ममता शर्मा ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि साफ-सफाई से हमारे जीवन में एक नया और सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने 'स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान' का जिक्र करते हुए सभी से इस मुहिम से निरंतर जुड़े रहने और स्वस्थ रहने का आह्वान किया।अभियान के दौरान स्काउट मास्टर गोवर्धन लीलावत ने स्वच्छता कार्य में जुटे सभी बच्चों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने स्काउट्स और गाइड्स द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया। इस स्वच्छता अभियान में सभी बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान कर परिसर को कचरा मुक्त किया।

0 टिप्पणियाँ