फलोदी, 14 अगस्त। राजस्थान एवं फलोदी जिले के लिए गौरव की बात है कि मनोहर लाल पालीवाल को भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा यूको बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में पार्ट-टाइम नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है।
भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से 12 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, केंद्र सरकार ने बैंकिंग कंपनीज (अधिग्रहण एवं उपक्रमों का हस्तांतरण) अधिनियम, 1970 की धारा 9 की उपधारा (3) के खंड (h) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्री पालीवाल को यूको बैंक के निदेशक मंडल में नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तारीख से तीन वर्ष तक, रहेगा।
मनोहर लाल पालीवाल भाजपा जोधपुर देहात उत्तर जिला के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उनके कार्यकाल को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सफल माना जाता है। इसके साथ ही वे पालीवाल ब्राह्मण समाज राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पालीवाल की यूको बैंक के बोर्ड में नियुक्ति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उनकी नियुक्ति की खबर से फलोदी सहित पूरे क्षेत्र के सर्व समाज में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने श्री पालीवाल को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
केंद्र सरकार की ओर से दी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से पालीवाल को बैंकिंग क्षेत्र में नीतिगत एवं बोर्ड स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिला है। उनकी नियुक्ति को राजस्थान एवं विशेष रूप से फलोदी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर फलोदी जिले से बैंकिंग क्षेत्र के शीर्ष बोर्ड में पहली बार प्रतिनिधित्व मिलने को भी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ