फलौदी,15 सितंबर। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने विभागवार कार्यों व लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रगति के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय पर गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विकसित भारत–जन सेवा अभियान के संबंध में भी अधिकारियों को पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अभियान का आयोजन किया जा रहा हैं।
लाभार्थी बताएंगे अनकही कहानियां:
अभियान के प्रथम चरण में 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ तथा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत—चित्रसेवा’ गतिविधि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत प्रेरणादायक सेवा कार्यों एवं समाजसेवा से जुड़ी कहानियों का संकलन एवं जन-प्रसार किया जाएगा।
अभियान के आगामी चरण में 25 से 27 सितंबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत स्थानीय आंगनवाड़ी एवं बाल कल्याण केंद्रों से संपर्क एवं सेवा कार्य किए जाएंगे। ‘सेवा की कहानी’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रेरणादायक समाजसेवा गाथाओं का संकलन एवं जन-प्रसार होगा। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से जनजागरूकता, सांस्कृतिक प्रेरणा एवं सद्भावना का संदेश दिया जाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलेगा।
जन समस्याओं के समाधान को लेकर लगेंगे शिविर :
‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर 19 से 25 सितंबर तथा शहरी क्षेत्र में 8 से 16 अक्टूबर तक जनसमस्याओं के निराकरण एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित विशेष शिविर आयोजित होंगे। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 24 सितंबर एवं शहरी क्षेत्र में 11 अक्टूबर को सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों तथा कला प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजित की जाएगी। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 1 से 15 अक्टूबर तक सामाजिक नवाचार एवं युवा समाधान को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित होगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से नागरिकों एवं प्रशासन के मध्य सुशासन विषय पर प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सभी गतिविधियों के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सफल आयोजन के निर्देश दिए, ताकि जन सेवा का संकल्प जन-जन तक पहुंच सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रियंका तलानिया, एसीईओ गौतम चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

0 टिप्पणियाँ