फलौदी, 6 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत आगामी 11 सितंबर को शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने तथा समस्त घुमंतू जाति के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सामुदायिक भवन सांसी बस्ती फलौदी में संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। मतदाताओं से समाज कल्याण अधिकारी मगराज कटारिया ने संवाद करते हुए मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक मतदाता की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से आगामी 11 सितंबर को निर्भीक होकर मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। प्रत्येक मतदाता बिना किसी दबाव, भय अथवा प्रलोभन के अपने विवेक के आधार पर मतदान करे। इस दौरान मतदान करने की शपथ भी मतदाताओं को दिलाई गई।
जागरूकता संदेशों के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नगर परिषद फलोदी से कनिष्ठ अभियंता इकबाल खान, छात्रावास अधीक्षक संतराम बिश्नोई, मांगीलाल बाला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहें।

0 टिप्पणियाँ